स्पोर्ट्स लोगो
सिद्धपुर वॉरियर को 110 रन से हराकर पाया खिताब
संवाद न्यूज एजेंसी
चौंतड़ा (मंडी)। चौंतड़ा प्रीमियर लीग का फाइनल मुकाबला शनिवार को सोल स्पार्टन और सिद्धपुर वॉरियर के बीच खेला गया। एकतरफा मुकाबले में सोल स्पार्टन ने शानदार प्रदर्शन करते हुए सिद्धपुर वॉरियर को 110 रन से पराजित कर खिताब अपने नाम किया। पहले बल्लेबाजी करते हुए सोल स्पार्टन ने निर्धारित 20 ओवर में 194 रन का मजबूत लक्ष्य रखा। लक्ष्य का पीछा करने उतरी सिद्धपुर वॉरियर की टीम सोल स्पार्टन के गेंदबाजों के आगे टिक नहीं सकी और पूरी टीम मात्र 84 रन पर ऑल आउट हो गई।
सोल स्पार्टन की ओर से अभिषेक ने 57 रन की आतिशी पारी खेलकर टीम की जीत की नींव रखी, जबकि पारस ठाकुर ने 29 रन का अहम योगदान दिया। सिद्धपुर वॉरियर की ओर से साहिल ठाकुर ही एकमात्र बल्लेबाज रहे जिन्होंने सर्वाधिक 20 रन बनाए, जबकि अन्य बल्लेबाज बड़ा योगदान देने में असफल रहे।
गेंदबाजी में सोल स्पार्टन के बनू ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 3 विकेट झटके, वहीं राहुल और अरनव ने 2-2 विकेट हासिल किए। उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए अभिषेक को मैन ऑफ द मैच और सर्वश्रेष्ठ बल्लेबाज चुना गया। बनू को सर्वश्रेष्ठ गेंदबाज का पुरस्कार दिया गया। संवाद