सराज क्षेत्र के जुफरकोट-गाड़ागुसैणी सड़क मार्ग। संवाद
मंडी। जिले में रविवार रात हुई बर्फबारी के कारण जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हो गया है। जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण मंडी की शाम 5 बजे की रिपोर्ट के अनुसार जिले में कुल 63 सड़कें अब भी बंद पड़ी हैं, जबकि 46 बिजली के ट्रांसफार्मर और 5 पेयजल योजनाएं प्रभावित हैं। सराज मंडल में 34, थलौट मंडल में 26 और पधर मंडल में 3 सड़कें अवरुद्ध हैं। राष्ट्रीय राजमार्ग और राज्य मार्ग फिलहाल खुले हैं, लेकिन 60 ग्रामीण सड़कें तथा 3 एमडीआर सड़कें बंद हैं, जिससे ग्रामीण इलाकों का संपर्क बुरी तरह प्रभावित हुआ है।
बिजली आपूर्ति की बात करें तो सुबह 10 बजे तक 306 ट्रांसफार्मर प्रभावित थे, जिनमें से अधिकांश को बहाल कर दिया गया है। शाम 5 बजे तक अब केवल 46 ट्रांसफार्मर बंद हैं, जिनमें गोहर में 4, सुंदरनगर में 12 और थलौट में 30 ट्रांसफार्मर शामिल हैं।
पेयजल आपूर्ति पर भी बर्फबारी का असर बना हुआ है। बग्गी क्षेत्र की 5 जल योजनाएं प्रभावित रहीं, जिससे लोगों को पेयजल संकट का सामना करना पड़ रहा है। उधर, प्रशासन ने सड़कों की बहाली और बिजली आपूर्ति को सुचारु करने के प्रयास तेज कर दिए गए हैं। लोक निर्माण विभाग और बिजली बोर्ड की टीमें मौके पर तैनात हैं। वहीं, डीसी मंडी अपूर्व देवगन ने बताया कि फील्ड पर तैनात टीमें बहाली कार्य में जुटी हुई हैं।
0000