ज्वालामुखी/खुंडियां (कांगड़ा)। अंतरराष्ट्रीय सर्पदंश दिवस के उपलक्ष्य में स्वास्थ्य और परिवार कल्याण विभाग की ओर से चलाए जा रहे सर्पदंश जागरूकता अभियान के तहत शनिवार को राजकीय आदर्श वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला मझीण में कार्यक्रम का आयोजन किया गया। सब सेंटर फकेड़ की सीएचओ स्मृति ने विद्यार्थियों को विषैले व विष रहित सांपों की प्रजातियों के बारे में समझाया। साथ ही सर्पदंश के दौरान क्या-क्या सावधानियां बरतनी चाहिए, इसके बारे में भी जानकारी दी। जागरूकता कैंप के बाद स्कूल में प्रतियोगिता भी करवाई गई। इसमें भाग लेने वाले प्रतिभागी विद्यार्थियों को प्रधानाचार्य रविंद्र शर्मा ने पुरस्कृत किया। इस दौरान स्वास्थ्य अधिकारी अशांशिका सूद, फीमेल हेल्थ सुपरवाइजर सुरेखा, फीमेल हेल्थ वर्कर उपासना, सीएचओ स्मृति नीलम कुमारी सहित सुमना देवी मौजूद रहीं। संवाद
नारा लेखन से दिया सर्पदंश जागरूकता का संदेश
ज्वालामुखी (कांगड़ा)। स्वतंत्रता सेनानी पंडित सुशील रत्न राजकीय महाविद्यालय, ज्वालामुखी में रेड रिबन क्लब और डिजास्टर मैनेजमेंट के संयुक्त तत्वावधान में सर्पदंश पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को आपात स्थिति में स्वीकार्य और वर्जित प्रतियोगिता, नारा लेखन, पोस्टर मेकिंग, पीपीटी प्रस्तुति और वीडियो लेक्चर के माध्यम से सर्पदंश से संबंधित जानकारी दी। पोस्टर मेकिंग प्रतियोगिता में इशिता ने प्रथम, अदिति सूद ने द्वितीय और स्नेहा ने तृतीय स्थान हासिल किया। नारा लेखन प्रतियोगिता में प्रांचल ने प्रथम, वंशिका ने द्वितीय और निवेदिता ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। स्वीकार्य और वर्जित प्रतियोगिता में अंबिका ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। कार्यक्रम के सफल आयोजन में डिजास्टर मैनेजमेंट के नोडल अधिकारी डॉ. प्रवीण प्रकाश, रेड रिबन क्लब की नोडल अधिकारी डॉ. अनिका परमार, रेनू तथा हरिप्रिया ने भूमिका निभाई। कार्यक्रम में डॉ. पूनम शर्मा सहित महाविद्यालय के अन्य प्राध्यापक और विद्यार्थी भी उपस्थित रहे। संवाद