मीटर लगाने से रोकने पर 24 घंटों के बाद काटी जाएगी विद्युत आपूर्ति
संवाद न्यूज एजेंसी
मंडी। विद्युत उपमंडल मंडी के सहायक अभियंता नरेश ठाकुर ने उपभोक्ताओं से स्मार्ट मीटर लगाने में सहयोग करने की अपील की है। उन्होंने बताया कि कर्मचारियों को रोकने पर 24 घंटे का नोटिस देकर अस्थायी रूप से बिजली आपूर्ति काटी जा सकती है। स्मार्ट मीटर लगने से शुल्क दर या अनुदान योजनाओं में कोई बदलाव नहीं होगा। यह केंद्र सरकार की योजना के तहत पारंपरिक मीटरों को चरणबद्ध तरीके से बदला जा रहा है। सोशल मीडिया के दुष्प्रचार के कारण कुछ उपभोक्ता असमंजस में हैं।
नियमों के अनुसार, जहां नेटवर्क उपलब्ध है वहां स्मार्ट मीटर लगाना अनिवार्य है। अधिकृत एजेंसी मीटर की जांच, मरम्मत या बदलाव कर सकती है। ये मीटर पोस्टपेड रहेंगे, जब तक उपभोक्ता स्वयं प्रीपेड न चुनें। अधिकारियों ने इसे जनहित में बताते हुए सभी से सहयोग की अपील की है।