सड़क बंद होने से 10 से 12 किलोमीटर का अतिरिक्त सफर करने को मजबूर लोग
संवाद न्यूज एजेंसी
मंडी। एनएच-003 मंडी बाईपास के निर्माण में देरी से परेशान लोगों ने उपायुक्त मंडी को ज्ञापन सौंपकर काम युद्धस्तर पर पूरा करवाने की मांग की है। प्रभावितों का कहना है कि सड़क बंद होने से हजारों लोगों को 10 से 12 किलोमीटर अतिरिक्त सफर करना पड़ रहा है।
अटारी बॉर्डर से जालंधर, हमीरपुर, धर्मपुर, कोटली, मंडी और मनाली-लेह तक बनने वाले एनएच-003 के तहत सन्यारड़ी से पुलघराट-ठंडी बावड़ी तक करीब डेढ़ किलोमीटर लंबा बाईपास बनाया जा रहा है। मंडी-सुंदरनगर राष्ट्रीय राजमार्ग से जुड़ने वाले हिस्से में खतरनाक कटिंग के चलते प्रशासन ने 21 नवंबर तक रोजाना सुबह 11 से दोपहर ढाई बजे और रात 7 से सुबह साढ़े छह बजे तक मार्ग बंद रखने का निर्णय लिया है। इससे ब्राधीवीर, रानीबाईं, गुटकर और चक्कर के निवासियों के अलावा अस्पतालों, होटलों और ऑटोमोबाइल शोरूम में कार्यरत कर्मचारियों को परेशानी हो रही है। वाहन चालकों को कांगणी जंगल और बिंद्राबणी होकर जाना पड़ रहा है।
कश्मीर सिंह, प्रताप सिंह, देश राज, अजगर अली, राम सिंह, सावी पाल, तीर्थ, अदविल कुमार, हेम राज, अशोक कुमार और रमा देवी सहित अन्य प्रभावितों ने कहा कि वे निर्माण कार्य के विरोध में नहीं हैं। उनकी मांग है कि खतरनाक कटिंग वाले हिस्से में भारी मशीनरी लगाकर काम जल्द पूरा किया जाए। उन्होंने बताया कि पहले भी मार्ग बंद करने की अधिसूचनाएं जारी हुई थीं लेकिन काम में तेजी नहीं आई। प्रभावितों ने प्रशासन से निर्माणकर्ता कंपनी को शीघ्र काम पूरा करने के निर्देश देने की मांग की है।