सुंदरनगर स्कूल में करवा चौथ की पूर्व संध्या पर करवाई मेहंदी प्रतियोगिता
वार्षिक समारोह में होंगे विजेता सम्मानित
सुंदरनगर(मंडी)। राजकीय उत्कृष्ट वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला सुंदरनगर में करवा चौथ की पूर्व संध्या पर मेहंदी प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इसमें विद्यालय के चार सदनों गांधी सदन, कल्पना चावला सदन, लक्ष्मीबाई सदन और टैगोर सदन की छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। विद्यालय के प्रधानाचार्य लालमन चंदेल ने बताया कि प्रतियोगिता के दौरान छात्राओं ने महिला अध्यापकों के हाथों पर आकर्षक मेहंदी लगाकर अपनी कला और रचनात्मक प्रतिभा का प्रदर्शन किया। उन्होंने कहा कि इस तरह की गतिविधियां विद्यार्थियों की छिपी प्रतिभाओं को पहचानने और उन्हें निखारने का अवसर प्रदान करती हैं। उन्होंने बताया कि प्रतियोगिता में प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले सदनों को विद्यालय के वार्षिक पारितोषिक वितरण समारोह में सम्मानित किया जाएगा। संवाद