मंडी। मंडी जिले में सार्वजनिक वितरण प्रणाली के तहत छह नई उचित मूल्य की दुकानें खुल रही हैं। ये दुकानें सिराज की बालीचौकी, सुंदरनगर, द्रंग और मंडी सदर के दूरदराज के इलाकों में खुलेंगी। जिला नियंत्रक खाद्य नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले मंडी विजय सिंह हमलाल ने कहा कि इच्छुक व्यक्ति इसके लिए 29 जुलाई से 21 अगस्त तक आवेदन कर सकते हैं।
उन्होंने कहा कि उचित मूल्य की यह दुकानें विकास खंड बालीचौकी की ग्राम पंचायत रैंस के निसार, भटवाड़ी पंचायत के गांव रेहूकलधार, विकास खंड सुंदरनगर की पंचायत घांघल के गांव घांघल, ग्राम पंचायत बाढु रोहांड़ा के गांव चंदनगला, विकास खंड द्रंग की ग्राम पंचायत भड़वाहन के गांव लोहडा और विकास खंड सदर मंडी की ग्राम पंचायत नसलोह के गांव चौकी भलेड गांव में आबंटित की जाएंगी।
विजय सिंह ने कहा कि दुकानों के आबंटन के लिए इच्छुक प्रार्थियों, सार्वजनिक संस्थान, ग्राम पंचायत, स्वयं सहायता समूह, सहकारी सभाएं, महिलाओं द्वारा संचालित समूह, एकल नारी, विधवा जो अपने बच्चों का स्वयं पालन पोषण कर रही हो, दिव्यांग जो उचित मूल्य की दुकान का कार्य ठीक प्रकार से करने में सक्षम हो, भूतपूर्व सैनिक, शिक्षित बेरोजगार, जिसके परिवार से कोई भी सदस्य नियमित रोजगार में न हो आवेदन कर सकते हैं। आवेदन के लिए न्यूनतम शैक्षणिक योग्यता दसवीं पास और उम्र 18 से 45 वर्ष के बीच होनी चाहिए। वरीयता के लिए उच्च शैक्षणिक योग्यता प्रमाण पत्र, बीपीएल, एससी, ओबीसी, एससी प्रमाण पत्र, भूतपूर्व सैनिक प्रमाण पत्र, अपंगता प्रमाण पत्र, और संबंधित ग्राम पंचायत के प्रमाण पत्र जैसी दस्तावेज़ों की आवश्यकता होगी।
बता दें कि जिला में करीब 11 लाख लोग उचित मूल्य की दुकानों से लाभान्वित हो रहे हैं। जिला में कुल 837 डिपो हैं, जिनमें छह और जुड़ने के बाद इनकी संख्या 843 हो जाएगी।