सीसीटीवी न होना बन रहा बड़ी बाधा
सरकीधार में बीते मंगलवार को संदिग्ध हालत में मिला था 78 वर्षीय बौद्ध भिक्षुणी का शव
अब दर्जनों लोगों से पुलिस ने की पूछताछ, तकनीकी जांच भी जारी
संवाद न्यूज एजेंसी
रिवालसर (मंडी)। सरकीधार गांव के समीप 78 वर्षीय ओजे छूकी नामक बौद्ध भिक्षुणी की हत्या के मामले में पुलिस की ओर से गठित एसआईटी तथ्य जुटा रही है, लेकिन अभी तक कुछ ठोस तथ्य हाथ नहीं लग पाए हैं। घटनास्थल के आसपास कोई सीसीटीवी भी नहीं है। इस ब्लाइंड मर्डर में पुलिस की जांच में यह बड़ी बाधा बन रहा है।
इस मामले में डीएसपी मुख्यालय दिनेश कुमार के नेतृत्व में पुलिस दिन रात जांच में जुटी हुई है, लेकिन जांच की कड़ियां मिलने के बजाए उलझती जा रही हैं। पुलिस जांच में सामने आया है कि बौद्ध भिक्षुणी के पति का तीन साल पहले निधन हो चुका है। वह सेना से सेवानिवृत्त हुए थे। दंपत्ती की कोई संतान नहीं है।
इस पूरे मामले में हत्या के पीछे मकसद भी स्पष्ट नहीं हो पा रहा है। बौद्ध भिक्षुणी के पास न तो नकदी थी और न ही कीमती गहने। पुलिस ने दर्जनों ग्रामीणों के अलावा अन्य लोगों से इस मामले में पूछताछ कर बयान दर्ज किए हैं। अब पुलिस तकनीकी तौर पर जुटाए साक्ष्यों के विश्लेषण में जुटी हुई है ताकि आरोपी तक पहुंचा जा सके। बौद्ध भिक्षुणी के गले व अन्य भागों में तेजधार हथियार से हमला किया गया था। उधर, पुलिस अधीक्षक मंडी विनोद कुमार ने बताया कि सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच की जा रही है। जल्द मामले का पटाक्षेप कर लिया जाएगा।