शीतला माता मंदिर से निकाली कलश यात्रा
संवाद न्यूज एजेंसी
सुंदरनगर (मंडी)। देहरी स्थित वृद्धाश्रम में मंगलवार को श्रीमद्भागवत कथा का शुभारंभ कलश यात्रा के साथ हुआ। शीतला माता मंदिर में पूजा-अर्चना के बाद आचार्य नरेंद्र वशिष्ठ के सानिध्य में कलश यात्रा निकाली गई, जो वृद्धाश्रम पहुंचकर संपन्न हुई। कथा के शुभारंभ अवसर पर स्थानीय श्रद्धालुओं और महिलाओं ने भाग लिया। भजन-कीर्तन के दौरान आश्रम में रह रहे बुजुर्ग भी भक्ति रस में सराबोर होकर झूम उठे।
इस अवसर पर वृद्धाश्रम के अध्यक्ष डॉ. पदम सिंह गुलेरिया, सचिव उत्तम चंद शर्मा और कार्यकारिणी सदस्यों ने आचार्य नरेंद्र वशिष्ठ तथा संगीत मंडली के सदस्यों को टोपी और मफलर पहनाकर सम्मानित किया। आचार्य नरेंद्र वशिष्ठ ने कहा कि श्रीमद्भागवत कथा में कर्म, ज्ञान और भक्ति का संदेश समाहित है। कथा श्रवण से व्यक्ति को सद्कर्म करने, आध्यात्मिक चिंतन अपनाने और ईश्वर के प्रति आस्था बनाए रखने की प्रेरणा मिलती है। वृद्धाश्रम के अध्यक्ष डॉ. पदम सिंह गुलेरिया ने बताया कि आश्रम में रह रहे वृद्धजनों की भावनाओं और न्यास के सदस्यों की इच्छा के अनुरूप कथा का आयोजन किया गया है।