प्रारंभिक शिक्षा खंड-दो भांबला के तहत आने वाले सरकारी स्कूलों में पढ़ने
वाले बच्चों को अभी तक पाठ्यक्रम की पूरी किताबें उपलब्ध नहीं हुई हैं।
जिससे नौनिहालों की पढ़ाई बाधित हो रही है। अभिभावकों ने शिक्षा विभाग से
शीघ्र ही बच्चों को किताबें मुहैया करवाने की मांग की है।
गोपालपुर
शिक्षा खंड में शैक्षणिक सत्र शुरू होने के दो माह बीत जाने के बावजूद भी
नौनिहालों को पाठ्यक्रम की किताबें नहीं मिल पाई हैं। शिक्षा खंड के
अंतर्गत 80 प्राथमिक पाठशालाएं हैं। किसी भी पाठशाला में बच्चों को
पाठ्यक्रम की पूरी किताबें नहीं मिली हैं। बिना किताबों के बच्चों की पढ़ाई
प्रभावित हो रही है। चौथी कक्षा हिंदी मीडियम के बच्चों को हिसाब की और
अंग्रेजी मीडियम के बच्चों को पर्यावरण की किताबें नहीं मिली हैं। पांचवीं
कक्षा को अंग्रेजी और पर्यावरण की किताब उपलब्ध नहीं हुई है।
इस संबंध में
अभिभावक सुरेश कुमार, जोगिंद्र सिंह, अमर सिंह, नरेंद्र कुमार व अन्य
अभिभावकों ने शिक्षा विभाग से शीघ्र किताबें उपलब्ध करवाने की मांग की है।
जिससे बच्चों की पढ़ाई सुचारू ढंग से चल सके। खंड प्रारंभिक शिक्षा अधिकारी
कश्मीर सिंह का कहना है कि किताबें लेने के लिए सरकारी डिपो भोरंज
कर्मचारी भेजा गया है। किताबें पहुंचते ही स्कूलों को उपलब्ध करवाई जाएंगी।