सुंदरनगर(मंडी)। कुनैला गांव की होनहार बेटी शिवाली ठाकुर पुत्री रणजीत सिंह ने अपनी मेहनत, लगन और प्रतिभा के दम पर प्रदेश शिक्षा विभाग की जेबीटी जॉब ट्रेनी शिक्षक भर्ती में प्रदेशभर में प्रथम स्थान हासिल कर क्षेत्र का नाम रोशन किया है। शिवाली की इस शानदार उपलब्धि से उनके परिवार सहित ग्राम पंचायत समौण और पूरे क्षेत्र में खुशी की लहर है।
प्रदेश स्तर पर प्रथम स्थान प्राप्त करना शिवाली की कड़ी मेहनत, समर्पण और शिक्षा के प्रति उनकी लगन का प्रमाण है। शिवाली के पिता रणजीत सिंह राजकीय विद्यालय में इतिहास प्रवक्ता हैं, जबकि माता सरिता देवी पंचायत सचिव, सलावना के पद पर कार्यरत हैं। उनके बड़े भाई संजीत ठाकुर बिजली बोर्ड में कनिष्ठ अभियंता (जेई) के पद पर सेवाएं दे रहे हैं।
शिवाली ने दसवीं तक की शिक्षा राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला चाह का डोहरा से प्राप्त की। इसके बाद उन्होंने कुल्लू के सेउबाग से सिविल इंजीनियरिंग में पॉलिटेक्निक डिप्लोमा तथा सुंदरनगर के सिरड़ा से सिविल इंजीनियरिंग में बीटेक की डिग्री हासिल की। इसके उपरांत उन्होंने डाइट मंडी से जेबीटी का प्रशिक्षण प्राप्त किया। पूर्व प्रधान ग्राम पंचायत समौण कमलेश (नागराज) ने शिवाली ठाकुर को इस शानदार सफलता के लिए बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।