हमीरपुर के कांगू स्कूल में पदभार ग्रहण करते हुए शशिकांत। स्त्रोत- परिजन
मंडी। सनौर निवासी शशिकांत भारती को लंबे संघर्ष के बाद सीबीएसई से संबद्ध सरकारी विद्यालय में जेबीटी शिक्षक के पद पर नियुक्ति मिली है। उन्होंने हमीरपुर जिला के कांगू स्कूल में अपना कार्यभार संभाल लिया है।
शशिकांत भारती ने मंडी में जेबीटी प्रशिक्षण लिया और वर्ष 2016 में डीपीएस धर्मपुर से शिक्षण कॅरिअर शुरू किया। उन्होंने एलआईसी में बीमा सलाहकार तथा हमीरपुर के निजी कोचिंग संस्थानों में अध्यापन किया। इसके बाद वर्ष 2025-26 में हमीरपुर में कोचिंग संस्थान में शाखा प्रबंधक की जिम्मेदारी संभाली।
इन विभिन्न जिम्मेदारियों से उन्होंने अपने अनुभव और कार्यकुशलता को निखारा। शशिकांत भारती ने अपनी सफलता का श्रेय माता सोमा देवी, पिता अमर भारती, पत्नी सीमा और भाई-भाभी को दिया। उन्होंने कहा कि परिवार ने संघर्ष के हर दौर में उनका साथ निभाया। शशिकांत भारती का लक्ष्य विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान कर उनके उज्ज्वल भविष्य की नींव मजबूत करना है।