भाषण और पोस्टर मेकिंग प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने दिखाई प्रतिभा
संवाद न्यूज एजेंसी
सुंदरनगर (मंडी)। विश्व तंबाकू निषेध दिवस के उपलक्ष्य में रोटरी क्लब सुंदरनगर द्वारा डीएवी स्कूल सुंदरनगर में भाषण एवं पोस्टर मेकिंग प्रतियोगिता करवाई गई। इन प्रतियोगिताओं में विभिन्न सरकारी एवं निजी विद्यालयों के कुल 36 विद्यार्थियों ने भाग लेकर तंबाकू सेवन के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूकता का संदेश दिया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता वरिष्ठ रोटेरियन केडी खोसला ने की। क्लब प्रधान डॉ. सरला गौतम ने जानकारी दी कि प्रतियोगिताएं कनिष्ठ (छठी से आठवीं) एवं वरिष्ठ (नौवीं से बारहवीं) वर्गों में आयोजित की गईं।
पोस्टर मेकिंग प्रतियोगिता के कनिष्ठ वर्ग में शरण्या ने प्रथम, ईशानी चंदेल ने द्वितीय तथा रिया चौहान ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। वरिष्ठ वर्ग में शानवी धीमान प्रथम, कनिष्का द्वितीय तथा पायल तृतीय स्थान पर रहीं।
भाषण प्रतियोगिता के कनिष्ठ वर्ग में वेरोनिका प्रथम, शौर्य द्वितीय तथा माधव तृतीय स्थान पर रहे। वरिष्ठ वर्ग में आशवी ने प्रथम, सारवी ने द्वितीय तथा वर्षा ने तृतीय स्थान हासिल किया। रोटरी क्लब की ओर से प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों को क्रमशः 1100, 700 और 500 रुपये की नकद राशि तथा प्रमाण पत्र प्रदान किए गए। इसके अतिरिक्त सभी प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र एवं पेन देकर सम्मानित किया गया।