खरीफ सीजन : 75 हजार हेक्टेयर से अधिक क्षेत्र में होनी है खरीफ की फसलों की बुवाई
संवाद न्यूज एजेंसी
मंडी। खरीफ फसलों की बुवाई का समय चरम पर पहुंचने के बीच कृषि विभाग ने किसानों की सुविधा के लिए जिले के सभी कृषि बिक्री केंद्र रविवार को भी खुले रखने का निर्णय लिया है। जिले में करीब 75 हजार हेक्टेयर से अधिक क्षेत्र में खरीफ फसलों की बुवाई की जानी है। ऐसे में किसानों को समय पर उन्नत किस्म के बीज और अन्य कृषि सामग्री उपलब्ध कराने के उद्देश्य से यह व्यवस्था की गई है।
जिला कृषि उपनिदेशक आरसी चौधरी ने बताया कि सभी कृषि बिक्री केंद्र प्रभारियों को रविवार को भी अपने-अपने केंद्र संचालित रखने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि खरीफ सीजन की बुवाई अपने चरम पर है और किसानों की बढ़ती मांग को देखते हुए यह निर्णय लिया गया है।
उन्होंने किसानों से अपील की कि वे अपने निकटतम कृषि बिक्री केंद्रों से प्रमाणित एवं उन्नत किस्म के बीज प्राप्त कर समय पर बुवाई करें। कृषि विभाग के अनुसार किसानों को बीज, उर्वरक तथा अन्य आवश्यक कृषि आदान उपलब्ध कराने के लिए सभी केंद्रों पर पर्याप्त व्यवस्था की गई है। विभाग बिक्री केंद्रों के माध्यम से किसानों को आवश्यक सामग्री की उपलब्धता सुनिश्चित करने के साथ-साथ इसकी नियमित निगरानी भी कर रहा है।