मानसून में पानी की प्रचुर आपूर्ति से शानन ने रचा इतिहास
संवाद न्यूज एजेंसी
जोगिंद्रनगर (मंडी)। जोगिंद्रनगर की शानन और बस्सी जलविद्युत परियोजनाओं ने मानसून में पर्याप्त जल उपलब्धता के चलते जुलाई में निर्धारित लक्ष्य से अधिक बिजली उत्पादन कर नया रिकॉर्ड बनाया। 110 मेगावाट शानन परियोजना ने 72 मिलियन यूनिट के लक्ष्य के मुकाबले 79.3 मिलियन यूनिट बिजली पैदा की, जबकि 66 मेगावाट बस्सी परियोजना ने 46 मिलियन यूनिट के लक्ष्य के मुकाबले 48.38 मिलियन यूनिट उत्पादन किया। अतिरिक्त उत्पादन से पंजाब राज्य विद्युत बोर्ड को लाखों रुपये की अतिरिक्त आय हुई।
शानन परियोजना के अधीक्षण अभियंता भूपेंद्र सिंह ने बताया कि पुरानी मशीनरी, ट्रांसफार्मरों के प्रतिस्थापन और बरोट रेजरवायर की मरम्मत पर करीब 10 करोड़ रुपये खर्च किए गए, जिससे उत्पादन क्षमता बढ़ी। बस्सी परियोजना की रेजिडेंट इंजीनियर दीप्ति भट्ट ने इस उपलब्धि का श्रेय कुशल प्रबंधन और इंजीनियरों की मेहनत को दिया।