वरिष्ठ अधीक्षक के न आने पर भड़के सदस्य, बैठक को बीच में ही रुकवाया
संवाद न्यूज एजेंसी
जोगिंद्रनगर (मंडी)। शानन और आसपास के क्षेत्रों में डाकघर बंद होने के विरोध में बुधवार को जोगिंद्रनगर में शानन बचाओ संघर्ष समिति का गुस्सा फूट पड़ा। समिति के सदस्यों ने पोस्ट ऑफिस पहुंचे डेवलपमेंट ऑफिसर (डीओ) विजय शर्मा का घेराव किया। अधिकारी यहां डाक विभाग के कर्मचारियों और एजेंटों के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक करने पहुंचे थे, लेकिन संघर्ष समिति के कड़े विरोध के कारण बैठक संपन्न नहीं हो सकी।
बैठक में डाक विभाग के वरिष्ठ अधीक्षक संजय ठाकुर स्वयं शिरकत करने वाले थे। हालांकि जैसे ही उन्हें संघर्ष समिति की ओर से घेराव की योजना की भनक लगी, उन्होंने अपना कार्यक्रम बदल दिया। वे जोगिंद्रनगर आने के बजाय सीधे मकरीड़ी चले गए, जिसे लेकर समिति के सदस्यों में भारी रोष देखा गया। संघर्ष समिति के अध्यक्ष डॉ. राकेश धरवाल ने विभागीय कार्यप्रणाली पर कड़े सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि पिछले डेढ़ महीने से शानन और समीपवर्ती क्षेत्रों की जनता डाकघर बंद होने के कारण परेशानियों का सामना कर रही है। विभाग कोई ठोस कदम उठाने के बजाय टालमटोल कर रहा है।
समिति ने चेतावनी दी है कि जब तक वरिष्ठ अधीक्षक स्वयं आकर जनता के सवालों का संतोषजनक जवाब नहीं देते और डाकघर की समस्या का समाधान नहीं करते, तब तक क्षेत्र में विभाग की किसी भी प्रकार की आधिकारिक बैठक नहीं होने दी जाएगी। इस दौरान संघर्ष समिति के सदस्य योग राज, मेघ सिंह, सुरेंद्र काचरू, सुशील कुमार, मंजीत परमार, हिमा देवी, उमा देवी, रीतू, बुद्धि सिंह, सुमना, सुषमा, बिंदु सहित अन्य स्थानीय निवासी मौजूद रहे।