मंडी। उपायुक्त अपूर्व देवगन ने एसडीएम कार्यालय बल्ह में तहसील बल्ह एवं उपतहसील रिवालसर के तहत राजस्व से संबंधित मामलों की समीक्षा की। उन्होंने राजस्व अधिकारियों का आह्वान किया कि वे तकसीम और निशानदेही के लंबित मामलों का समयबद्ध निपटारा सुनिश्चित करें। राजस्व मामलों के निपटारे में किसी भी तरह की कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
31 मार्च तक पुराने लंबित तकसीम और निशानदेही के मामलों का निपटारा सुनिश्चित करने के आदेश दिए। इसमें किसी भी तरह की ढिलाई सामने आने पर संबंधित अधिकारी अथवा कर्मचारी की जबावदेही सुनिश्चित की जाएगी।
बताया कि तहसील बल्ह में अप्रैल से दिसंबर 2025 तक फील्ड कानूनगो हटगढ़ की ओर से 41 निशानदेही, 14 हुकमी तकसीम तथा खानदानी तकसीम के मामलों का निपटारा किया गया। फील्ड कानूनगो बल्ह ने इस अवधि में 17 निशानदेही एवं एक तकसीम का मामला निपटाया। अतिरिक्त कार्यभार संभाल रहे पैड़ी कानूनगो ने इस अवधि के दौरान 221 तकसीम, 36 हुकमी तकसीम तथा 57 खानदानी तकसीम के मामलों का निपटारा किया।
उपतहसील रिवालसर में अक्तूबर से दिसंबर 2025 के दौरान रिवालसर फील्ड कानूनगो की ओर से 46 तकसीम एवं 21 निशानदेही, कार्यालय कानूनगो रिवालसर की ओर से 40 निशानदेही, लेदा फील्ड कानूनगो की ओर से 32 निशानदेही एवं 5 तकसीम के मामलों का निपटारा किया। उन्होंने सभी पटवारियों को फर्द कब्जा से संबंधित मामलों का दो सप्ताह के भीतर निपटारा सुनिश्चित करने के आदेश भी जारी किए। इस अवसर पर उप मंडलाधिकारी (ना.) स्मृतिका नेगी, जिला राजस्व अधिकारी हरीश कुमार सहित राजस्व विभाग के सभी अधिकारी, कानूनगो एवं पटवारी आदि उपस्थित थे। संवाद