कोटली के ग्राम पंचायत भरगांव मेंआयेाजित दो दिवसीय झगड़ू देव मेले के शुभारंभ पर मुख्य अतिथि का
- फोटो : 1
चंपा ठाकुर ने किया भरगांव में झगड़ू देव मेले का उद्घाटन
16 महिला मंडलों ने दी सांस्कृतिक प्रस्तुतियां
वॉलीबाल के पहले मैच में भरगांव ए ने भरगांव बी को 2-0 से हराया
संवाद न्यूज एजेंसी
कोटली (मंडी)। ग्राम पंचायत भरगांव में शनिवार को दो दिवसीय झगड़ू देव मेले का विधिवत शुभारंभ हुआ। कार्यक्रम में कांग्रेस की मंडी जिला अध्यक्ष चंपा ठाकुर ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की। ग्राम पंचायत प्रधान संतोष कुमारी, उपप्रधान शिवराम बनेर, मेला कमेटी अध्यक्ष धर्मेंद्र कुमार सहित पंचायत प्रतिनिधियों, महिला मंडलों और स्थानीय लोगों ने उनका स्वागत किया।
झगड़ू देव मंदिर परिसर के समीप आयोजित होने वाला यह मेला क्षेत्र की लोक आस्था, संस्कृति और भाईचारे का प्रतीक है। इस अवसर पर मेला कमेटी और पंचायत प्रतिनिधियों ने चंपा ठाकुर को शॉल, टोपी और स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया।
मेले में तुंगल क्षेत्र के करीब 16 महिला मंडलों ने भाग लिया। महिलाओं ने पारंपरिक लोकगीतों और रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से हिमाचली लोक संस्कृति की शानदार झलक पेश की। कुर्सी प्रतियोगिता में लक्ष्य महिला मंडल तरयासल की सीमा ठाकुर ने प्रथम स्थान हासिल किया। वहीं, खेल प्रतियोगिताओं के तहत वॉलीबाल के पहले मैच में भरगांव ए ने भरगांव बी को 2-0 से हराया। दूसरे मैच में जवाहर टीम ने 2-1 से जीत दर्ज की। तीसरे मैच में 16 सुपर टीम ने द्रुब्बल को 2-0 से पराजित किया, जबकि चौथे मैच में खलाणु की टीम ने साईगलू को 2-1 से मात दी। इस अवसर पर चंपा ठाकुर ने मेला कमेटी को 14 हजार रुपये तथा 16 महिला मंडलों को एक-एक हजार रुपये के हिसाब से कुल 16 हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि प्रदान की।