जनभागीदारी से ही बदलेगी शहर की तस्वीर
खुले में कूड़ा फेंकने और जलाने पर होगी सख्त कार्रवाई
संवाद न्यूज एजेंसी
सुंदरनगर (मंडी)। एसडीएम सुंदरनगर अमर नेगी ने रविवार को क्रयाश चैरिटेबल ट्रस्ट के संस्थापक डॉ. धर्मेश शर्मा के साथ बीएसएनएल एक्सचेंज और बस स्टैंड के समीप स्थित स्लम क्षेत्रों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने झुग्गी-झोपड़ियों में रह रहे लोगों और मकान मालिकों से संवाद कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया तथा स्वच्छता और नशामुक्ति का संदेश दिया।
एसडीएम ने मकान मालिकों को अपने परिसरों और आसपास सफाई व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने चेतावनी दी कि नियमों की अवहेलना और गंदगी फैलाने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि सुंदरनगर को स्वच्छ और नशामुक्त बनाना केवल प्रशासन की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि हर नागरिक का कर्तव्य है। खुले में कूड़ा जलाने और गंदगी फैलाने से स्वच्छ हवा का लक्ष्य हासिल नहीं किया जा सकता। उन्होंने युवाओं से नशे से दूर रहकर स्वस्थ जीवनशैली अपनाने की अपील की। साथ ही कहा कि प्रशासन शहर की हर बस्ती तक पहुंचकर जनभागीदारी से अभियान को सफल बनाने के लिए प्रयासरत है।