संधोल (मंडी)। सेवा विकास एवं कल्याण समिति के पदाधिकारियों ने कहा है कि संधोल काॅलेज में विज्ञान संकाय और व्यावसायिक कोर्स शुरू किए जाएं। तहसील में रिक्त पदों को भी भरा जाए, अन्यथा जनता की मजबूरी को देखते हुए समिति व्यापक जनसंपर्क अभियान और जन आंदोलन छेड़ने को लिए मजबूर होगी।
सेवा विकास एवं कल्याण समिति संधोल की बैठक रविवार को जनता सराय भवन परिसर में समिति अध्यक्ष मान सिंह सकलानी की अध्यक्षता में हुई। बैठक में क्षेत्र के मूलभूत मुद्दों पर मंथन किया गया। समिति ने सबसे पहले तहसील कार्यालय संधोल में तहसीलदार और नायब तहसीलदार के रिक्त पदों को भरने की मांग की। सदस्यों ने रोष व्यक्त किया कि पद रिक्त होने से लोगों को खाली हाथ लौटना पड़ रहा है और जरूरी कार्य ठप पड़े हैं।
इसके अतिरिक्त, संधोल और आस-पास के ग्रामीण क्षेत्रों की सड़कों की हालत बदहाल है। जगह-जगह गड्ढे और क्षतिग्रस्त मार्ग आम लोगों के लिए बड़ी परेशानी बन गए हैं। बैठक में संधोल अस्पताल में विशेषज्ञ चिकित्सकों की कमी, अल्ट्रासाउंड विशेषज्ञ का पद रिक्त और अधूरे पड़े भवन विस्तार कार्य पर चिंता व्यक्त की। अध्यक्ष मान सिंह ने याद दिलाया कि पांच साल पूर्व उच्च न्यायालय ने अस्पताल में विशेषज्ञ सुविधाओं के आदेश दिए थे, जिनका पालन आज तक नहीं हुआ।
उन्होंने स्वास्थ्य मंत्री धनीराम शांडिल से शीघ्र अधूरा भवन पूरा करने और सभी आवश्यक सुविधाएं एवं विशेषज्ञ चिकित्सक उपलब्ध कराने की मांग की। समिति ने चेतावनी दी कि यदि जल्द समाधान नहीं हुआ, तो मामले को दोबारा उच्च न्यायालय के समक्ष रखा जाएगा। प्रशासन और सरकार गंभीरता से कार्रवाई करें, अन्यथा जनता की मजबूरी को देखते हुए समिति व्यापक जनसंपर्क अभियान और जन आंदोलन छेड़ने को बाध्य होगी। संवाद