कसाण पंचायत में साईगलू मेले के समापन पर ग्रामीण विकास मंत्री अनिल शर्मा को सम्मानित करते आयोजक।
- फोटो : अमर उजाला
कोटली (मंडी)। सदर विकास खंड की ग्राम पंचायत कसाण में आयोजित साईगलू नलवाड़ मेला मंगलवार को संपन्न हो गया। समापन समारोह की अध्यक्षता ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज मंत्री अनिल शर्मा ने की। उन्होंने कहा कि मेले को और बेहतर तथा आकर्षक बनाने के लिए जिला स्तरीय दर्जा प्रदान करने के हरसंभव प्रयास किए जाएंगे। कोटली में राजकीय महाविद्यालय खोला गया है तथा इसके भवन के लिए पांच करोड़ रुपये की राशि मंजूर की जा चुकी है।
शीघ्र ही कॉलेज भवन का कार्य आरंभ कर दिया जाएगा। कोटली तथा आसपास के क्षेत्र के लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध करवाने के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कोटली को स्तरोन्नत कर इसे सिविल अस्पताल बनाया गया है। कोटली बस स्टैंड का कार्य प्रगति पर है तथा शीघ्र ही निर्माण कार्य पूरा कर जनता को समर्पित कर दिया जाएगा। सदर विधानसभा क्षेत्र के तहत पेयजल योजनाओं की पुरानी पाइपों को बदलने के लिए लगभग एक करोड़ 66 लाख की राशि मंजूर की गई है।
उन्होंने ग्राम पंचायत खलाणू, सुराड़ी, सयोग, जनेहड़ को बीस-बीस लाख, साई, कोट तथा निचला लोट को 15-15 लाख तथा ग्राम पंचायत बग्गी-तुंगल तथा सदयाणा को दस-दस लाख की राशि पंचायत भवन निर्माण के लिए देने की घोषणा की। मेला आयोजन समिति को भी 20 हजार रुपये देने की घोषणा की। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे नशे जैसी सामाजिक बुराइयों से दूर रहें तथा दूसरों को भी इसके दुष्प्रभावों बारे जागरूक करें। खेल तथा सांस्कृतिक स्पर्धाओं में भाग लेने वालों को पुरस्कार भी प्रदान किए।
इस मौके पर स्थानीय ग्राम पंचायत प्रधान सीता राम, सदर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष धर्मपाल ठाकुर, भूमि विकास बैंक के निदेशक रवि सिंह ठाकुर, बीडीसी हेम राज, नप मंडी की पार्षद उर्मिला शर्मा, एसडीएम मदन कुमार, परियोजना अधिकारी, जिला ग्रामीण विकास अभिकरण प्रदीप कुमार, खंड विकास अधिकारी नवीन शर्मा, सिंचाई एवं जन स्वास्थ्य विभाग के अधिशाषी अभियंता अरुण शर्मा आदि मौजूद रहे।