सराज क्षेत्र के कुथाह मेले में देवताओं के दर्शन को उमड़ी भीड़।
- फोटो : अमर उजाला
थुनाग (मंडी)। जिलास्तरीय कुथाह मेले की दूसरी सांस्कृतिक संध्या नरेंद्र ठाकुर के नाम रही। नरेंद्र ने एक से बढ़कर एक नाटियां प्रस्तुत कर दर्शकों को खूब नचाया। वहीं, स्थानीय कलाकार यशवंत सिंह और बाल कलाकार यशवंत कुमार ने भी शानदार प्रस्तुतियां देकर लोगों का मनोरंजन किया।
यशवंत कुमार ने ..मारे तुंगासिया ऋषियां, तेरी जय जय कार हो, खाणी जलेबी बुरा लगा रे.. गाकर दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। सांस्कृतिक संध्या के मुख्य अतिथि ने बाल कलाकार यशवंत की प्रस्तुति से खुश होकर एक हजार रुपये का नकद इनाम दिया। सुरेंद्र कुमार ने ...सइयां तू जो छू ले प्यार से..गाना गाकर माहौल सूफियाना कर दिया। इसके बाद लीलाधर प्रेमी ने शीलू लागा नाटी रा फेरा, कांता देवी ने तू मेरी, मैं तेरा सोनिया, जीणा शोभला हमारे सराजे रा, हमारे देशा रा दिल हो दिल्ली, मारे पहाड़ा रा दिल शिमला.. से सांस्कृतिक संध्या में खूब धमाल मचाया।
दूसरी सांस्कृतिक संध्या के मुख्य कलाकार नरेंद्र ठाकुर ने ..बेटी अनमोल धन सा यारो, सब सुणा इस गला यारो.. से बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ का संदेश दिया। नरेंद्र ने बुधुआ मामा की नाटी गाकर लोगों को झूमने पर विवश कर दिया। मुख्य अतिथि मिल्क फेडरेशन के चेयरमैन चेतराम ठाकुर रहे। पंचायत प्रधान यंजना शर्मा ने मुख्य अतिथि को सम्मानित किया।