संधोल (मंडी)। तहसील संधोल से टिहरा को जोड़ने वाला मुख्य मार्ग बीते शनिवार रात से बंद है। लोक निर्माण विभाग द्वारा सड़क टिहरा से खजूरटी तक बहाल की गई है जबकि भड़ोत पुल के पास सड़क का नामोनिशान मिट गया है जिस वजह से वहां मशीन का निकलना भी मुश्किल है।
कून पंचायत के लिए सड़क मार्ग दोनों तरफ से पूरी तरह बंद है। हालांकि सड़क को खोलने के लिए संधोल की ओर से प्रयास किए जा सकते थे लेकिन लोक निर्माण विभाग की अनुभाग सीमाओं का शिकार हुई यह पंचायत सड़क सुविधा से पांच दिनों से महरूम है। बुधवार को एक मशीन बुधवार को कून से पहुंचाई गई लेकिन यह वहां तकनीकी खामियों के चलते खराब हो गई। इस तरह सड़क बहाल होने का कार्य फिर बंद हो गया है। स्थानीय लोगों में जोगिंद्र पाल, कर्ण सिंह, रंजीत सिंह, मनोज, सुरेश आदि ने लोक निर्माण विभाग से इस सड़क को प्राथमिकता के आधार पर अन्य मशीनों के माध्यम से जल्द से जल्द बहाल करने की मांग उठाई है। उधर, विभागीय कनिष्ठ अभियंता चोलगढ़ प्रेम कुमार ठाकुर ने बताया कि सड़क बहाल करने का कार्य चला हुआ है। बुधवार को तकनीकी खराबी के कारण मशीन कून में खराब हो गई है जिसे ठीक करवाने का काम चला है।