सुंदरनगर (मंडी)। पुलिस थाना सुंदरनगर के समीप अज्ञात लोगों ने देशी शराब ठेके के सेल्जमैन की पिटाई करने के बाद उसे झाड़ियों में फेंक ठेके को आग लगा दी। हमले में सेल्जमैन गंभीर रूप से घायल हो गया है। उसका उपचार यहां के नागरिक अस्पताल में करवाया गया है।
आगजनी की इस घटना में करीब तीन लाख का नुकसान बताया जा रहा है। पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार ललित नगर में स्थित देशी शराब ठेके का सेल्जमैन रात करीब साढ़े बारह बजे लघु शंका के लिए बाहर निकला था। जहां पर अचानक कुछ लोगों ने उस पर पथराव कर दिया तथा उसकी धुनाई कर अचेत अवस्था में झाड़ियों में फेंक दिया। जिसके बाद शरारती तत्वों ने ठेके का शटर खोल उसमें रखे खाली डिब्बों में आग लगा दी, जो पूरे ठेके में फैल गई और वहां रखी शराब की बोतलें गर्म होने पर फट गईं।
इससे आग भयंकर रूप में फैल गई। जब ठेके के साथ लगती सब्जी की कुछ दुकानें में सो रहे लोगों को घटना का पता चला तो उन्होंने उन्होंने पुलिस और दमकल विभाग को इसकी सूचना दी। लेकिन तब तक ठेका पूरी तरह से जल चुका था। ठेके के सेल्जमैन की जब तलाश की गई तो वह झाड़ियों में खून से लथपथ हालत में मिला। जिस पर उसे उपचार के लिए नागरिक अस्पताल ले जाया गया। ठेके के मैनेजर गोपाल सिंह ने बताया आग की इस घटना में करीब तीन लाख का नुकसान हुआ है। घटना की सूचना पुलिस को दे दी गई है। थाना प्रभारी संजीव कुमार ने बताया पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
इधर, वीरवार शाम करीब चार बजे सिनेमा चौक के पास भी आग की एक घटना में करीब पचास हजार का नुकसान हो गया है। जानकारी के अनुसार सिनेमा चौक के निकट तंबू में जनरेटर लगा कर बिहार निवासी मोहम्मद कमरुदीन रूई की पिंजाई का काम करता था। शाम चार बजे उसकी पिंजाई की मशीन गर्म हो जाने से रूई में आग लग गई और वह एकाएक फैल गई। स्थानीय लोगों ने आग को बुझाने का प्रयास किया परंतु वहां मौके पर पानी न होने से काफी संख्या में पिंजाई के लिए रखी रजाइयां जल गईं। इस घटना में करीब पचास हजार का नुकसान हुआ है।