गोहर (मंडी)। कोरोना वायरस के बढ़ते मामलों को देखते हुए चैलचौक सब्जी मंडी के आढ़तियों ने शुक्रवार 24 जुलाई से आगामी पांच दिनों तक सब्जी मंडी बंद करने का निर्णय लिया है।
पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, राजस्थान समेत अन्य बाहरी राज्यों की मंडियों के आढ़ती यहां नकदी फसलों टमाटर, गोभी, फ्रांसबीन, धनिया, मटर समेत अन्य सब्जियों की खरीद-फरोख्त के लिए पहुंच रहे हैं। इससे कोरोना संक्रमण का अंदेशा होने लगा है। उपमंडल के शाला गांव में एक मामला और थुनाग के बगस्याड, लंबाथाच में पॉजिटिव मामले आने के बाद क्षेत्र के लोग सहम गए हैं।
कोरोना के खतरे को देखते हुए उपमंडल गोहर में चैलचौक सब्जी मंडी को पांच दिनों के लिए बंद रखने का निर्णय लिया गया है। सब्जी मंडी के प्रधान महेंद्र पाल शर्मा ने कहा कि सब्जी मंडी में क्षेत्र के विभिन्न स्थानों से किसान अपनी फसलों को लेकर आ रहे हैं। बाहरी राज्यों से आने वाले व्यापारी बिना क्वारंटीन हुए सीधे ग्रामीणों के संपर्क में आ रहे हैं। इससे कोरोना के संक्रमण का खतरा बढ़ रहा है। कोरोना पॉजिटिव मामलों को लेकर सब्जी मंडी के सभी व्यापारियों ने अपने संस्थानों को पांच दिनों तक पूर्णतया बंद रखने का निर्णय लिया है। व्यापार मंडल के उपप्रधान हंस राज, नरेंद्र कुमार, सीता राम, राज ठाकुर, मनोज कुमार, नरपत राम सहित अन्य आढ़तियों ने क्षेत्र के किसानों से आग्रह किया है कि 5 दिनों तक सब्जी मंडी में अपने उत्पाद लेकर न पहुंचे।