जिला विधिक सेवा प्राधिकरण ने शुरू की पहल
.......................
संवाद न्यूज एजेंसी
मंडी। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण ने बेसहारा बच्चों को कानूनी पहचान, शिक्षा, स्वास्थ्य और कल्याणकारी योजनाओं से जोड़ने के लिए साथी अभियान शुरू किया। अभियान का उद्देश्य निगरानी, दस्तावेजीकरण और आंकड़ों का एकीकरण करना है।
मंडी में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण एक जिला साथी समिति बनाएगा। इसके अध्यक्ष जिला प्राधिकरण के सचिव होंगे। समिति में विभिन्न विभागीय अधिकारी और वकील भी शामिल किए जाएंगे। ये सभी मिलकर आधार पंजीकरण, स्कूल में दाखिला, स्वास्थ्य जांच और कल्याणकारी योजनाओं में बच्चों को शामिल करेंगे।
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव विवेक कायस्थ ने बताया कि यह अभियान तीन चरणों में लागू हो गया है। पहले चरण में समिति का गठन और प्रशिक्षण सत्र आयोजित किए गए हैं। 26 मई से 26 जून तक बेसहारा बच्चों की पहचान और सर्वेक्षण किया जाएगा। 27 जून से 5 अगस्त तक आधार पंजीकरण शिविर और आवेदन दाखिल किए जाएंगे।
आधार प्राधिकरण के साथ मिलकर पंजीकरण शिविर आयोजित होंगे। समिति स्कूल के रिकाॅर्ड, चिकित्सा रिकॉर्ड और अन्य दस्तावेज जुटाएगी। बच्चों को शिक्षा, स्वास्थ्य और कल्याणकारी योजनाओं से जोड़ा जाएगा। अभियान अनाथ बच्चों के प्रति भेदभाव कम करने के लिए सामुदायिक संवाद करेगा। जिला साथी इकाई हर सप्ताह राज्य प्राधिकरण को प्रगति की जानकारी देगी। राज्य प्राधिकरण हर 15 दिन में राष्ट्रीय प्राधिकरण को अपडेट भेजेगा। अंतिम रिपोर्ट 15 अगस्त तक राष्ट्रीय प्राधिकरण को सौंपी जाएगी। साथी अभियान बेसहारा बच्चों को समाज की मुख्यधारा में लाने की एक अहम पहल है। संवाद