रोटरी क्लब के अध्यक्ष बनाए डॉ. चंद्रभूषण शर्मा
संवाद न्यूज एजेंसी
जोगिंद्रनगर (मंडी)। भारत में पोलियो उन्मूलन के बाद अब डिजिटल शिक्षा में भी रोटरी क्लब क्रांति लाएगा। जोगिंद्रनगर में हिमाचल, जम्मू कश्मीर, पंजाब एवं लेह लद्दाख के जिला गवर्नर रोहित ओबराय ने कहा कि 127 क्लबों के तीन हजार से अधिक सदस्य डिजिटल शिक्षा के लिए अभियान चलाएंगे।
जिला गवर्नर ने सत्र 2025-26 के लिए नए अध्यक्ष और सचिव को एक साल के कार्यकाल की जिम्मेदारी सौंपी। इससे पहले रोटरी क्लब के पूर्व अध्यक्ष अमर सिंह जसवाल, सचिव सुशील पठानिया ने पूर्व सत्र में रोटरी के कार्यों से अवगत करवाया। नवनियुक्त अध्यक्ष डॉ. चंद्रभूषण शर्मा, सचिव अधिवक्ता रणजीत चौहान ने कहा कि रोटरी के शिक्षा, स्वास्थ्य, पर्यावरण संरक्षण और सामुदायिक योजनाओं में जरूरतमंद लोगों को लाभान्वित करने के लिए वह यथासंभव प्रयास करेंगे।
रोटरी के जिला पर्यावरण संरक्षक अजय ठाकुर, आरसीसी प्रोजेक्ट के प्रभारी मेजर जीएस बरवाल ने जोगिंद्रनगर रोटरी क्लब में चल रही स्वरोजगार की योजनाओं की जानकारी दी। इस अवसर पर विपुल ठाकुर, शेर सिंह, संजय, चमन लाल, मनजीव सोनी को जिला गवर्नर ने रोटरी पिन से सम्मानित किया। रोटरी कार्यों में सहयोग के लिए रविंद्र कौंडल, पंकज, राजीव, समीर, डॉ. एनके सिंगला, रणजीत कटोच को भी सम्मानित किया गया। संवाद