जोगिंद्रनगर (मंडी)। रोटरी क्लब अब शिक्षा के क्षेत्र में भी डिजिटल क्रांति लाएगा। उपमंडल की सरकारी पाठशालाओं में ई-लर्निंग कक्षाओं के संचालन के लिए अंतरराष्ट्रीय रोटरी क्लब ने भी स्वीकृति प्रदान की है।
शिक्षा खंड द्रंग-प्रथम की राजकीय प्राथमिक पाठशाला बनाईं में आयोजित कार्यक्रम में रोटेरियन अजय ठाकुर, चार्टर अध्यक्ष रणजीत कटोच ने बताया कि लडभड़ोल क्षेत्र की भराड़पट्ट और जोगिंद्रनगर की ऐहजू पाठशाला में दो ई-लर्निंग प्रोजेक्ट विकसित किए है।
रोटरी के इस कार्यक्रम में मौजूद सचिव सुशील पठानिया, रोटेरियन पीसी मंहत, ज्ञान चंद बरवाल ने कहा कि आधुनिक डिजिटल शिक्षा को सरल बनाने के लिए यह प्रोजेक्ट धरातल पर उतारे जाएंगे। इस दौरान स्कूल के 17 विद्यार्थियों को बैग, किताबें और कलर पेन भेंट किए गए। उधर, स्कूल की मुख्य शिक्षिका रंजना कटोच, अध्यापिका अनिता शर्मा, एसएमसी अध्यक्ष रीता देवी ने आधुनिक शिक्षा में किए जा रहे सुधारों की सराहना की। संवाद