मंडी के जोगिंद्रनगर उपमंडल के रोपा बनवार की क्षतिग्रस्त सड़क पर हो रहा डंगे का निर्माण संवाद
- फोटो : Mandi
जोगिंद्रनगर (मंडी)। उपमंडल की रोपा बनवार सड़क की बहाली का काम शुरू होने से ग्रामीणों में खुशी की लहर गई है। करीब चार माह पहले बरसात से रोपा बनवार सड़क बहाल क्षतिग्रस्त हो गई थी। इससे न पांच गांवों के सैकड़ों ग्रामीणों की दिक्कतें बढ़ गई थीं। लोगों को पांच किलोमीटर का पैदल चलना पड़ रहा है। इससे सबसे ज्यादा परेशानी महिलाओं, बुजुर्गों और स्कूली बच्चों को हो रही है।
अमर उजाला पत्र ने ग्रामीणों की समस्या को प्राथमिकता से उठाया था। अब सड़क का काम शुरू होने से ग्रामीणों का सफर आसान होने की उम्मीद जगी है। विधायक भी सड़क की बहाली को लेकर काम नहीं कर पाए थे। ग्रामीणों ने कहा था कि सड़क बहाली नहीं हुई तो वे विभाग के उच्चाधिकारियों का घेराव करेंगे। अमर उजाला में समाचार प्रकाशित होने के बाद लोक निर्माण विभाग ने तमाम औपचारिकताओं को पूरा कर लिया। विभाग ने कंकरीट के डंगों का निर्माण भी शुरू कर दिया है। जगह-जगह टूटी सड़क को दुरुस्त करने को लेकर मशीनरी के साथ मजदूरों को तैनात किया है।
करीब चार माह से रोपा बनवार सड़क पर निगम की बसों की आवाजाही भी ठप है। राशन के लिए भी महिलाओं को सिर पर बोझ उठाना पड़ रहा है। निर्माण कार्य शुरू हो गया है लेकिन इसमें तेजी लाने को लेकर भी ग्रामीणों ने मांग उठाई है। ग्रामीण क्षेत्र चडोंझ के नजदीक भजेरा गांव के पास भूस्खलन से सड़क का हिस्सा बीचोंबीच टूट गया है।
कर्मचारियों को भी करीब पांच किलोमीटर का सफर पैदल ही करना पड़ रहा है। सड़क ठप होने से ठाणा, गदयाड़ा, लोअर चड़ोंझ, बल्ह, रोपड़ू, रोपा और बनवार के लोगों को मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है। लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता संदीप सूद ने बताया कि बरसात से क्षतिग्रस्त सड़कों का मरम्मत कार्य शुरू कर दिया है। निर्माण कार्य में भी तेजी लाई जाएगी ताकि ग्रामीणों का सफर और भी सुगम हो जाए।