मंडी-पठानकोट हाईवे की सड़क पर नारला से द्रंग के बीच चल रहे निर्माण कार्य के दौरान संकरी सड़क पर
जोगिंद्रनगर (मंडी)। पठानकोट-मंडी हाईवे पर नारला के पास कीचड़ से फिसलन बढ़ गई है। इससे वाहनों की आवाजाही जोखिमपूर्ण हो गई है। दोपहिया वाहन हर रोज दुर्घटनाग्रस्त हो रहे हैं। नारला से द्रंग तक चल रहे हाईवे के निर्माण कार्य से सड़क में फिसलन हो गई है।
एनएचएआई की देखरेख में नारला से मंडी तक फोरलेन का निर्माण चल रहा है। कटान के दौरान सड़क पर गिरी मिट्टी में बारिश से फिसलन बढ़ने से वाहनों की आवाजाही प्रभावित हो रही है। दोपहर के समय दोपहिया वाहन चालकों का सफर जोखिम भरा साबित हो रहा है।
वीरवार को नारला से मंडी की ओर जा रहे दोपहिया वाहन चालक अनियंत्रित होकर कीचड़ में गिर गए। लोगों ने स्थानीय प्रशासन से राहत की गुहार लगाई है। वाहन चालक मनीष कुमार, सुनील, कार चालक विनोद, महेश ने बताया कि संकरी सड़क पर कीचड़ फैलने से परेशानी झेलनी पड़ रही है। उपमंडल अधिकारी पधर सुरजीत कुमार ने कहा कि कीचड़ से पेश आ रही दिक्कतों की जानकारी स्थानीय लोगों से मिली है। एनएचएआई और हाईवे का निर्माण कार्य कर रही कंपनी को समाधान के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए जाएंगे। संवाद