पेंशनरों ने वर्षों से लंबित वित्तीय देनदारियों को लेकर जताई चिंता
संवाद न्यूज एजेंसी
धर्मपुर (मंडी)। हिमाचल पथ परिवहन निगम (एचआरटीसी) पेंशनर कल्याण संगठन धर्मपुर इकाई की बैठक शुक्रवार को भागमल सोठा की अध्यक्षता में हुई। पेंशनरों ने वर्षों से लंबित वित्तीय देनदारियों, 4-9-14 लाभों के एरियर, वेतन वृद्धि एरियर और मेडिकल बिलों के भुगतान में हो रही देरी पर चिंता जताई। उन्होंने कहा कि इससे बुजुर्ग पेंशनरों को आर्थिक कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।
बैठक में समय पर पेंशन न मिलने का मुद्दा भी उठाया गया। पेंशनरों ने सरकार से लंबित 18 प्रतिशत महंगाई भत्ता (डीए) जारी करने और पेंशन भुगतान की स्थायी व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की। साथ ही चेतावनी दी कि मांगों का जल्द समाधान न होने पर आंदोलन की रणनीति बनाई जाएगी। बैठक में संगठन के कई पदाधिकारी और सदस्य उपस्थित रहे।