सुंदरनगर(मंडी)। तरिऊं से चड़ी सड़क का निरीक्षण करने गए लोक निर्माण विभाग के एसडीओ के साथ गाली-गलौच, अभद्र व्यवहार और जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है। आरोप तरिऊं के ही एक व्यक्ति पर लगे हैं। पुलिस ने शिकायत पर आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। शिकायत दर्ज होने की पुष्टि डीएसपी गुरबचन सिंह ने की है।
जानकारी के अनुसार लोक निर्माण विभाग के सुकेत मंडल के सहायक अभियंता ने उप पुलिस अधीक्षक सुंदरनगर के माध्यम से थाना सुंदरनगर में दर्ज कराई प्राथमिकी में कहा है कि वह 31 अगस्त को तरिऊं से चड़ी सड़क का निरीक्षण करने जा रहे थे, तो संतराम पुत्र जीतू राम निवासी गांव तरिऊं डाकघर जड़ोल तहसील सुंदरनगर ने रास्ता रोका और बहसबाजी करने लगा। गाली-गलौच की और जान से मारने की धमकी दी। डीएसपी ने बताया पुलिस ने आरोपी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।