जोगिंद्रनगर (मंडी)। ग्राम पंचायत खड़ीहार में गैस सिलिंडर की पाइप से गैस का रिसाव होने पर भड़की आग से ढाई साल की बच्ची और उसकी मां झुलस गई। दोनों को जोगिंद्रनगर अस्पताल से टांडा रेफर कर दिया गया है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार ग्राम पंचायात खड़ीहार के गदयाड़ा निवासी रीना देवी 27 वर्ष पत्नी सुभाष चंद और उसकी बेटी आरुषि आग की चपेट में आकर घायल हो गई थी। पुलिस को दिए बयान में रीना ने बताया कि वह बेटी के साथ मंगलवार सायं रसोई घर में चाय बनाने के लिए गई। गैस चूल्हा जलाने के बाद वह चाय बना रही थी। ऐसे में बच्ची ने गैस चूल्हे से लगी गैस सिलिंडर की पाइप को खींच लिया। गैस का रिसाव होने पर एकदम से रसोई में आग फैल गई। इससे दोनों झुलस गईं। शोर सुनकर परिजनों ने आग पर काबू पाया और दोनों को उपचार के लिए पीएचसी लांगणा पहुंचाया। जहां से दोनों को जोगिंद्रनगर अस्पताल रेफर कर दिया गया। लेकिन, गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें टांड़ा अस्पताल रेफर कर दिया गया। जहां उपचार चल रहा है। एसएचओ जोगिंद्रनगर संदीप शर्मा ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। फिलहाल दोनों मां-बेटी की हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।