करसोग (मंडी)। धार्मिक पर्यटन स्थली तत्तापानी से चुराग तक का सफर अब आरामदायक और सुरक्षित होगा। मुख्यमंत्री के आदेशों पर तत्तापानी-करसोग सड़क में चुराग तक सभी 50 ब्लाइंड कर्व दूर किए जाएंगे। पुलिस प्रशासन और लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों ने मंगलवार को संयुक्त रूप से निरीक्षण किया। तत्तापानी से चुराग तक क्रैश बैरियर सहित रिटेनिंग वॉल लगाई जाएगी।
मुख्यमंत्री ने गत दिनों तत्तापानी में आयोजित संक्रांति मेले के दौरान जनसभा में अधिकारियों को इस कार्य को अंजाम देने के निर्देश दिए थे। पुलिस और पीडब्ल्यूडी ने संयुक्त निरीक्षण कर एस्टीमेट बनाना शुरू कर दिया है। ब्लैक स्पॉट दुरुस्त करने के बाद सड़क की चौड़ाई बढ़ जाएगी। इससे वाहन चालकों का सफर आसान हो जाएगा। तंग मोड़ के कारण ही हादसे पेश आते हैं। अभी तक सुरक्षा के लिए कुछ की मोड़ों में क्रैश बैरियर लगे हैं। पैरापिट की भी हालत दयनीय है। गत माह क्रैश बैरियर न होने के कारण एक डंपर सड़क से लुढ़क गया था। इसमें एक व्यक्ति की मौत हो गई थी। तत्तापानी से चुराग सड़क की हालत सुधरने से शिमला से तत्तापानी आने वाले पर्यटक करसोग की सुंदर वैली का नजारा ले सकेंगे। यहां चिंडी से 20 किलोमीटर की दूरी पर प्रसिद्ध माहूंनाग का मंदिर भी है। इस बारे लोनिवि उपमंडल करसोग केे सहायक अभियंता आरएल ठाकुर का कहना है कि तत्तापानी से चुराग तक ब्लाइंड मोड़ चौड़े किए जाएंगे। इसके लिए पुलिस और पीडब्ल्यूडी ने मंगलवार को संयुक्त निरीक्षण किया है। जल्द ही एस्टीमेट तैयार कर सरकार को भेजा जाएगा।
000