भाषा विभाग एवं सुकेत साहित्य परिषद के सम्मेलन में साहित्यकारों ने की चर्चा
संवाद न्यूज एजेंसी
सुंदरनगर (मंडी)। भाषा एवं संस्कृति विभाग और सुकेत साहित्य परिषद की ओर से कृषि विज्ञान केंद्र सुंदरनगर में साहित्य चर्चा एवं कवि सम्मेलन का आयोजन किया गया। सोमवार को आयोजित सम्मेलन में मंडी, सुंदरनगर, कुल्लू और बिलासपुर से आए साहित्यकारों ने भाग लिया। वरिष्ठ साहित्यकार रविंद्र कुमार शर्मा ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की। विशिष्ट अतिथि के रूप में कवि गणेश गनी, शायर रवि राणा शाहीन और सुशील पुंडीर मौजूद रहे। जिला भाषा अधिकारी रेवती सैनी ने कार्यक्रम की अध्यक्षता की।
कवि आलोचक डाॅ. विजय विशाल ने वर्तमान समय में लेखकों की भूमिका विषय पर प्रपत्र पढ़ा। वरिष्ठ साहित्यकार गंगाराम राजी ने हास्य-व्यंग्य से भरपूर कहानी दो भाई का पाठ किया। गणेश गनी ने कहा कि अभिव्यक्ति की आजादी पर पाबंदी लगाना लोकतंत्र में कभी स्वीकार्य नहीं रहा है। साहित्य हमेशा से जनता की आवाज बनता रहा है। शायर रवि राणा ने कहा कि साहित्य और पत्रकारिता की भूमिका पर आज सवाल उठने लगे हैं, जबकि दोनों का कार्य समाज को सही दिशा दिखाना है। सुकेत साहित्य सांस्कृतिक परिषद के अध्यक्ष गंगाराम राजी ने कहा कि मंडी जिले में साहित्यिक गतिविधियों का बढ़ावा देने के लिए साहित्य परिषद प्रयासरत रही है।
000