सुंदरनगर (मंडी)। सुंदरनगर उपमंडल की रीना देवी से नेट बैंकिंग के जरिये 15.33 लाख रुपये की ठगी के मामले में पुलिस ने जांच की रफ्तार बढ़ा दी है। यह मामला साइबर क्राइम से जुड़ा होने के कारण अब बैंक से विस्तृत रिकॉर्ड तलब किया गया है।
पीड़िता रीना देवी पत्नी जगदीश चंद निवासी अलसू ने पुलिस को दी शिकायत में बताया था कि दो-तीन दिन से उसके फोन और ईमेल पर लगातार ओटीपी आ रहे थे। उन्होंने बैंक से बात की। इस पर बैंक ने उन्हें किसी भी प्रकार के ओटीपी न शेयर करने की बात कही। उनके मोबाइल नंबर सभी बैंक खातों से लिंक है।
उन्होंने कहा कि 17 जुलाई को उनका बैंकिंग ऐप अचानक फोन से डिलीट हो गया। अगले दिन उनके सेविंग अकाउंट से 1.34 लाख रुपये कटने की जानकारी मिली। उन्होंने तुरंत बैंक कर्मियों को अपने हार्डवेयर दुकान के करंट अकाउंट को लॉक करने को कहा, लेकिन समय रहते कार्रवाई न होने से 19 जुलाई को खाते से 13.98 लाख रुपये और निकल गए।
रीना देवी ने बैंक कर्मियों पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि समय रहते खाता बंद कर दिया जाता तो इतनी बड़ी राशि नहीं निकलती। डीएसपी सुंदरनगर भारत भूषण ने बताया कि तकनीकी साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं और साइबर ठगों का पता लगाने के लिए जांच को तेज किया गया है। बैंक से विस्तृत लेन-देन का रिकॉर्ड तलब किया गया है और संबंधित खातों की पड़ताल की जा रही है।