जोगिंद्रनगर (मंडी)। शहर के पॉश इलाकों में चोरी की वारदात को अंजाम देने के लिए संदिग्धों की आवाजाही ने लोगों की चिंता बढ़ा दी है। शहर के अलग-अलग हिस्सों में लगे सीसीटीवी कैमरों में तीन संदिग्धों की फुटेज सामने आने के बाद पुलिस ने जांच तेज कर दी है। संदिग्धों पर बंद और सुनसान घरों की रैकी करने की आशंका जताई जा रही है।
बीते दिनों शहर के एक थोक कारोबारी के गोदाम में आधी रात चोरी करने के लिए घुसे एक संदिग्ध की फुटेज सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई थी। इसके बाद पुलिस और स्थानीय कारोबारियों ने आसपास के अन्य कैमरों की फुटेज खंगाली तो कुछ संदिग्ध लोगों की घरों और अन्य स्थानों के आसपास आवाजाही सामने आई। तीन संदिग्धों की फुटेज स्थानीय पुलिस को भी उपलब्ध करवाई गई है।
व्यापार मंडल जोगिंद्रनगर के अध्यक्ष भास्कर गुप्ता और कारोबारी ज्ञान चंद और मुनीष विजय ने बताया कि संदिग्धों की गतिविधियों को देखते हुए शहर के कारोबारियों और लोगों को सतर्क रहने की जरूरत है। उन्होंने लोगों से अपने घरों और दुकानों के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज पर नजर रखने का आह्वान किया।पुलिस अधीक्षक मंडी विनोद कुमार ने बताया कि उपमंडल में पुलिस की गश्त बढ़ा दी गई है। संदिग्ध लोगों से पूछताछ की जा रही है। लोगों से भी अपने घरों की सुरक्षा को लेकर सतर्क रहने की अपील की गई है।