धर्मपुर (मंडी)। उपमंडल के तहत बुधवार रात तूफान और बारिश ने तबाही मचाई है। इन दिनों क्षेत्र में फसल कटाई का कार्य जोरों पर चला हुआ है। रात को हुई बारिश से खेतों में काट कर रखी गेहूं की फसल को नुकसान पहुंचा है। थ्रैसिंग से ठीक पहले बारिश से हुई इस तबाही से किसानों की उम्मीदों पर पानी फिर गया है। बारिश से कटी हुई गंदम की फसल सड़ने का खतरा बढ़ गया है।
इसके अलावा खेतों में कटाई के लिए तैयार गंदम की फसल को नुकसान पहुंचा है। तूफान के कारण बागवानों की आम, नींबू, आड़ू, पलम, बादाम, नाशपाती, लीची की फसल को भी नुकसान पहुंचा है। पेड़ों पर फ्लावरिंग को भी खासा नुकसान हुआ है। किसानों-बागवानों दलीप सिंह, ज्ञानचंद, राजकुमार, सतीश कुमार, सुंदर सिंह, बंसी लाल, वीरी सिंह, रामलाल, बबलू राम, नरेंद्र कुमार, प्रवीण कुमार, विनोद कुमार, राजेश कुमार, गायत्री देवी, सीमा देवी, लीला देवी, कला देवी, सत्या देवी, मीनू, लता, कल्पना, रितू ने कहा कि लावारिस पशुओं से बची फसल को अब बारिश व तूफान ने तबाह कर दिया है। किसानों का कहना है कि पहले सूखे से पीला रतुआ से गंदम की फसल को नुकसान पहुंचा था। अब पकी और कटी फसल को तूफान व बारिश ने तबाह कर दिया है। किसानों-बागवानों ने सरकार और संबंधित विभाग से बारिश से हुए नुकसान का जायजा लेकर उन्हें उचित मुआवजा देने की मांग उठाई है।