करसोग में लकड़ी डिपो में छापा मारते डीएसपी और अन्य कर्मचारी।
- फोटो : Mandi
करसोग (मंडी)। पुलिस ने शंकरदेहरा में लकड़ी डिपो पर छापा मारकर देवदार के 182 अवैध नग बरामद किए हैं। इनकी कीमत करीब ढाई लाख रुपये है। पुलिस ने लकड़ी को कब्जे में लेकर वन विभाग के सुपुर्द कर दिया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर सनारली से कुछ मीटर की दूरी पर शंकरदेहरा में लकड़ी के डिपो में दबिश दी। यह दबिश डीएसपी गीतांजलि ठाकुर के नेतृत्व में दी गई।
लकड़ियों से संबंधित रिकॉर्ड की जांच पर देवदार के 182 नग का कोई लेखाजोखा नहीं मिला। इस पर पुलिस ने लकड़ी को कब्जे में लिया। सूचना वन विभाग को दी। वन विभाग की टीम भी मौके पर पहुंची। पैमाइश करने पर लकड़ी का वॉल्यूम 2.464 घन मीटर पाया गया। इसकी मार्केट वैल्यू करीब 2.50 लाख बताई जा रही है। कार्रवाई से लकड़ी डिपो धारकों में हड़कंप मच गया है।
डीएसपी गीतांजलि ठाकुर ने कहा कि शिकायत पर यह कार्रवाई की गई। लकड़ी को कब्जे में लेने के बाद वन विभाग के सुपुर्द किया गया है। संवाद