क्षेत्रीय अस्पताल मंडी में अल्ट्रासाउंड टेस्ट करवाने के लिए पूछताछ करते लोग। संवाद
मंडी। क्षेत्रीय अस्पताल मंडी में सेवारत एकमात्र रेडियोलॉजिस्ट सोमवार को अवकाश पर रहे। इससे मरीजों को अल्ट्रासाउंड टेस्ट की सुविधा नहीं मिल सकी। सुविधा लेने के लिए मरीजाें को निजी क्लीनिकों और अस्पातालों में महंगे दाम पर टेस्ट सुविधा लेनी पड़ी।
क्षेत्रीय अस्पताल में मात्र 300 रुपये शुल्क देकर सुविधा मिल रही है। अस्पताल में रोजाना करीब 1200 मरीजों की ओपीडी रहती है। रोजाना करीब 150 से अधिक मरीजों को चिकित्सक अल्ट्रासाउंड करवाने की सलाह देते हैं लेकिन रेडियोलॉजिस्ट अवकाश पर होने से मरीजों को निराश होना पड़ा है।
तीन माह पूर्व क्षेत्रीय अस्पताल में दो रेडियोलाजिस्ट सेवारत थे लेकिन मेडिकल कॉलेज नेरचौक में रेडियोलॉजिस्ट का पद रिक्त होने पर एक रेडियोलॉजिस्ट को प्रतिनियुक्ति पर वहां भेजा गया। अब क्षेत्रीय अस्पताल में एक मात्र विशेषज्ञ सेवा दे रहे हैं। कोर्ट या अवकाश के दौरान अस्पताल की अल्ट्रासाउंड टेस्ट सुविधा ठप हो रही है।
पैलेस कॉलोनी निवासी कमल कांत, मीरा देवी, तल्याहड़ से रूपा देवी और किरन, पुल घराट से पवन कुमार और भरगांव कोटली से हेमराज आदि ने बताया कि रेडियोलॉजिस्ट न मिलने पर उन्हें अस्पताल के बाहर महंगे दाम चुकाने पर टेस्ट सुविधा लेनी पड़ी।स्वास्थ्य विभाग से आग्रह किया है कि मरीजों की सुविधा के लिए अस्पताल में दो विशेषज्ञों की तैनाती की जाए, ताकि यदि एक अवकाश पर रहता है तो दूसरा मरीजों को सुविधा दे सके।
जरूरी कार्य के चलते सोमवार को रेडियोलॉजिस्ट अवकाश करना पड़ा। मंगलवार को नियमित रूप से मरीजों को अल्ट्रासाउंड की सुविधा दी जाएगी। अतिरिक्त रेडियोलॉजिस्ट के लिए विभागीय उच्चाधिकारियों से मांग की गई है। -डाॅ. दिनेश ठाकुर, मुख्य चिकित्सा अधिकारी, क्षेत्रीय अस्पताल मंडी