प्रो. अनुपमा सिंह ने कहा- ड्रेनेज, कलवर्ट और सुरक्षा दीवारों का काम अधूरा
पहली बारिश में क्षतिग्रस्त हुईं रिटेनिंग वॉल
संवाद न्यूज एजेंसी
मंडी। मंडी से लागधार-पलेह तक एनएच-003 के निर्माण कार्यों की गुणवत्ता और सड़क सुरक्षा को लेकर एसपीयू की पूर्व कुलपति प्रो. अनुपमा सिंह ने गंभीर सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि सड़क का निर्माण पूरा दिखाया गया है, लेकिन कई स्थानों पर ड्रेनेज, कलवर्ट, रिटेनिंग वॉल और सुरक्षा दीवारों का काम अधूरा है। इससे बरसात में कटाव और भूस्खलन का खतरा बढ़ गया है।
आरोप लगाया कि हाल में बनी कई रिटेनिंग वॉल पहली बारिश में ही क्षतिग्रस्त हो गईं। साथ ही सड़क किनारे पड़े पुराने ट्रक, मशीनरी और निर्माण सामग्री से यातायात और सुरक्षा प्रभावित हो रही है। प्रो. सिंह ने बताया कि 25 जून 2025 को उन्होंने केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी को इस संबंध में ज्ञापन दिया था, लेकिन एक वर्ष बाद भी अपेक्षित सुधार नहीं हुआ।
उन्होंने राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण और जिला प्रशासन से निर्माण कार्यों की स्वतंत्र जांच, अधूरे कार्य शीघ्र पूरे करने, सड़क सुरक्षा के इंतजाम सुनिश्चित करने और सड़क किनारे पड़ा निर्माण सामग्री व पुराने वाहन हटाने की मांग की है। चेतावनी दी कि जल्द सुधार नहीं होने पर विस्तृत प्रतिवेदन दोबारा केंद्रीय मंत्री को भेजा जाएगा।