नेर गांव में वारदात, परिवार पर जानलेवा हमले में बेटा भी जख्मी
संवाद न्यूज एजेंसी
जोगिंद्रनगर (मंडी)। जोगिंद्रनगर की नेर घरवासड़ा पंचायत के नेर गांव में बीती रात लोक निर्माण विभाग के एक कर्मचारी पर उसके घर के बाहर दराट से हमला कर दिया गया। इस हमले में पीड़ित का बायां हाथ गंभीर रूप से कट गया और उपचार के दौरान उसमें 37 टांके लगाने पड़े। पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
घटना में घायल लोक निर्माण विभाग के चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी हेमराज (45) ने बताया कि शनिवार रात करीब सवा दस बजे वह अपनी मां मुन्नी देवी के साथ घर के आंगन में मौजूद था। इसी दौरान घर के बाहर तीन व्यक्ति पहुंचे और जोर-जोर से गाड़ी का हॉर्न बजाने लगे तथा गाली-गलौज करने लगे। शोर सुनकर जब वह बाहर निकले और उन्हें शांत कराने की कोशिश की, तो आरोपियों ने उन पर हमला कर दिया। इसी दौरान एक आरोपी ने दराट से उनके बाएं हाथ पर वार कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर गिर पड़े। इस बीच उनके बेटे अक्षय (18) को भी चोटें आई हैं। गंभीर रूप से घायल हेमराज को नागरिक अस्पताल ले जाया गया, जहां रात करीब ढाई बजे तक प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें छुट्टी दे दी गई। पुलिस अधीक्षक मंडी विनोद कुमार ने बताया कि मामले में भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है और तीन लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।