जिला उपभोक्ता फोरम ने सिंचाई एवं जन स्वास्थ्य विभाग को बिजणी वासियों को आईएसआई स्टैंडर्ड का पानी मुहैया करवाने का फैसला सुनाया है। फोरम ने विभाग को विश्व स्वास्थ्य संगठन के दिशा निर्देशों की अनुपालना करने के भी आदेश दिए हैं।
जिला उपभोक्ता फोरम के अध्यक्ष पुरेन्द्र वैद्य और सदस्यों विभूती शर्मा व आकाश शर्मा ने मंडी के समखेतर मोहल्ला स्थित प्रदेश उपभोक्ता संघ की शिकायत को उचित मानते हुए सिंचाई एवं जन स्वास्थ्य विभाग को लोगों को आईएसआई स्टैंडर्ड का पानी मुहैया करवाने का फैसला सुनाया है।
अधिवक्ता बीआर जसवाल के माध्यम से फोरम में दायर शिकायत के अनुसार बिजणी पंचायत निवासी जगदीप पुत्र लालमन ने अनेकों बार विभाग के कार्यालयों में शिकायतें दी थी कि उन्हें पिछले कई सालों से मटमैला पानी मुहैया करवाया जा रहा है। उन्हें यह पानी थाटनाला से लिफ्ट करके आपूर्ति किया जाता है। लेकिन इस पेयजल स्कीम में कोई फिल्टर टैंक नहीं लगाया गया है। जिसके चलते लोगों को सीधे स्रोत से पेयजल आपूर्ति की जा रही है।
विभाग के इन शिकायतों पर कोई कार्रवाई न करने पर जगदीप ने उपभोक्ता संघ के समक्ष इस समस्या को उठाया था। फोरम ने दोनों पक्षों की सुनवाई के बाद अपने फैसले में विभाग को निर्देश दिए हैं कि इस स्कीम में स्टोरेज टैंक का निर्माण जल्द से जल्द शुरू करने के गंभीर प्रयास किए जाएं। विभाग को टैंक का निर्माण कार्य पूरा होने पर हर 15 दिनों के बाद पानी के टैंक का निरीक्षण करके पानी की स्वच्छता को सुनिश्चित करने के निर्देश भी जारी किए गए हैं।