रिवालसर (मंडी)। विश्वविद्यालय अनुदान आयोग (यूजीसी) के नए नियमों के विरोध में सोमवार को रिवालसर में देवभूमि सवर्ण संगठन और क्षत्रिय संघ जिला मंडी के सदस्यों ने प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने झील परिसर से रिवालसर बाजार तक रैली निकालते हुए केंद्र की भाजपा सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। नए नियमों को तत्काल प्रभाव से वापस लेने की मांग की।
प्रदर्शन के बाद संगठनों की ओर से नायब तहसीलदार रिवालसर के माध्यम से राष्ट्रपति और प्रधानमंत्री को एक ज्ञापन भेजा। ज्ञापन में कहा गया कि यूजीसी के नए नियम सामान्य वर्ग के छात्रों के हितों के खिलाफ हैं। देवभूमि सवर्ण संगठन के प्रदेश अध्यक्ष अमर चंद राठौर ने कहा कि नए नियम सामान्य वर्ग के साथ सीधा भेदभाव हैं। इस मौके पर संगठन के प्रदेश उपाध्यक्ष राकेश कुमार, बलजीत राणा सहित अन्य वक्ताओं ने भी विचार रखे और सरकार से नियमों पर पुनर्विचार करने की मांग की। संवाद