गोहर (मंडी)। नाचन, सराज और करसोग विधानसभा क्षेत्रों के प्रवेश द्वार चैलचौक के जासन में प्रस्तावित बस अड्डे के निर्माण का प्रस्ताव पर्यावरण मंत्रालय ने खारिज कर दिया है। मंत्रालय का तर्क है कि प्रस्तावित क्षेत्र में बस अड्डे के निर्माण के लिए हरे भरे पेड़ों और पर्यावरण के लिहाज से वन भूमि को क्षति पहुंचेगी।
इस बस अड्डे का निर्माण डेढ़ करोड़ से प्रस्तावित है। डीएफओ नाचन टीआर धीमान ने चैलचौक बस स्टैंड का प्रस्ताव खारिज होने की पुष्टि की। उन्होंने बताया कि पंचायत, प्रशासन और परिवहन विभाग ने जासन में साढ़े तीन बीघा जमीन बस अड्डे के लिए चिह्नित की थी।
संयुक्त निरीक्षण के बाद मामला मंजूरी के लिए पर्यावरण मंत्रालय को भेजा था। लोगों ने किसी अन्य स्थान पर बस अड्डे का निर्माण जल्द से जल्द पूरा करने की मांग की है। नाचन के विधायक विनोद कुमार ने बताया कि चैलचौक के जासन बस अड्डे का मामला दोबारा मंजूरी के लिए भेजा जाएगा।
तीन विस क्षेत्रों के लिए रोजाना 200 बसें
चैलचौक में अभी बस अड्डा नहीं है। वर्षाशालिका के पास बसें रुकती हैं। यहीं से यात्रियों को बसों पर चढ़ाया और उतारा जाता है। रोजाना तीन विस क्षेत्रों के लिए करीब 200 बसें यहां से आती-जाती हैं। बस अड्डा न होने से लोगों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
लोगों में रोष
चैलचौक में बस अड्डा होना बेहद जरूरी है। बीच बाजार में बसें खड़ी रहने से कस्बे के स्वरूप बिगड़ता जा रहा है। बस स्टैंड के निर्माण से चैलचौक बाजार में जगह खुली होगी।
कपिल शर्मा, व्यापारी
चैलचौक के लोग कई वर्षों से बस अड्डे की मांग कर रहे हैं। इसका निर्माण न होने से लोगों को असुविधा हो रही है। सरकार को चाहिए कि चैलचौक में जल्द बस स्टैंड निर्माण शुरू करवाया जाए।
प्रवीण कुमार, निवासी चैलचौक
बस स्टैंड के अभाव में लोगों को गर्मी, सर्दी और बरसात में सड़कों पर बसों का इंतजार करना पड़ता है। वहीं जगह-जगह बेतरतीब वाहनों के खड़े रहने से बाजार का सौंदर्यीकरण भी बिगड़ रहा है।
तोम चंद, निवासी बाढु
मुख्यमंत्री के गृह क्षेत्र में बस स्टैंड को लेकर सरकार ने गंभीरता नहीं दिखाई। चैलचौक बाजार में अब बस स्टैंड के निर्माण के प्रयास शुरू हुए हैं। मगर उसमें भी कई चीजें रोड़ा बन रही हैं। बस स्टैंड जल्द बनना चाहिए।
दीवान चंद, निवासी कुटाहची