गोहर (मंडी)। राजकीय प्राथमिक शिक्षक संघ चच्योट द्वितीय के पदाधिकारियों ने रविवार को चैलचौक स्थित भाजपा कार्यालय में नाचन के विधायक विनोद कुमार से मुलाकात कर शिक्षकों की विभिन्न समस्याओं और मांगों को लेकर ज्ञापन सौंपा।
संघ ने न्यू कांप्लेक्स सिस्टम का विरोध करते हुए इस व्यवस्था पर अपनी आपत्तियां दर्ज करवाईं और शिक्षकों के हितों से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाया।
संघ की ओर से सौंपे गए ज्ञापन में स्कूलों के प्रशासनिक ढांचे में बदलाव, मुख्य शिक्षक, केंद्रीय मुख्य शिक्षक (सीएचटी) और खंड प्रारंभिक शिक्षा अधिकारी (बीईईओ) के पदों की व्यवस्था को लेकर मांगें रखी गईं।
इसके अलावा शिक्षकों की पदोन्नति प्रक्रिया में सुधार और विभिन्न श्रेणियों के रिक्त पदों को भरने की मांग भी उठाई गई। संघ ने मिड-डे मील योजना के संचालन में आ रही समस्याओं की ओर भी विधायक का ध्यान आकर्षित करवाया।
विधायक विनोद कुमार ने संघ के पदाधिकारियों की समस्याओं को गंभीरता से सुना। उन्होंने आश्वासन दिया कि शिक्षकों की मांगों और न्यू कांप्लेक्स सिस्टम से जुड़ी आपत्तियों को आगामी विधानसभा सत्र और संबंधित मंचों पर उठाने का प्रयास किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि शिक्षक शिक्षा व्यवस्था की रीढ़ हैं। गुणवत्तापूर्ण शिक्षा सुनिश्चित करने के लिए शिक्षकों को बेहतर कार्य परिस्थितियां उपलब्ध करवाना और उनकी जायज समस्याओं का समाधान करना जरूरी है।