जिला मुख्यालय में संघ के जिलाध्यक्ष बाबू राम कौंडल की अगुवाई में की नारेबाजी
कहा, संघ को जल्द वार्ता के लिए नहीं बुलाया तो होगा उग्र आंदोलन
संवाद न्यूज एजेंसी
मंडी। जिला मुख्यालय में रविवार को हजारों प्राथमिक शिक्षकों ने नए क्लस्टर सिस्टम और अन्य मांगों को लेकर जोरदार प्रदर्शन किया। राजकीय प्राथमिक शिक्षक संघ के जिलाध्यक्ष बाबू राम कौंडल के नेतृत्व में जिले के सभी 25 शिक्षा खंडों के शिक्षकों ने इसमें भाग लिया। सभी शिक्षक प्रारंभिक शिक्षा उपनिदेशक कार्यालय के समीप स्थित मैदान में एकत्रित हुए और वहां से नारेबाजी करते हुए उपायुक्त कार्यालय तक पहुंचे। उपायुक्त कार्यालय के बाहर जिलाध्यक्ष बाबू राम कौंडल सहित अन्य कर्मचारी नेताओं ने शिक्षकों को संबोधित किया।
जिलाध्यक्ष ने कहा कि नए क्लस्टर सिस्टम के लागू होने से प्राथमिक शिक्षा का ढांचा प्रभावित हुआ है और प्राथमिक शिक्षकों पर लगातार नए आदेश थोपे जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि शिक्षकों की समस्याओं को कई बार सरकार के समक्ष उठाया गया, लेकिन मांगों की अनदेखी की गई। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि प्राथमिक शिक्षकों की मांगों को शीघ्र पूरा नहीं किया और एक सप्ताह के भीतर संघ पदाधिकारियों को वार्ता के लिए नहीं बुलाया गया तो आंदोलन को उग्र रूप दिया जाएगा। उन्होंने यह आरोप भी लगाया कि कुछ अधिकारी मुख्यमंत्री को गुमराह कर रहे हैं, जिस कारण शिक्षकों की मांगें लंबे समय से लंबित हैं।
उन्होंने 23 सितंबर 2025 को जारी अधिसूचना का उल्लेख करते हुए कहा कि इसके तहत प्राथमिक शिक्षा का पूर्ण नियंत्रण और संचालन प्रिंसिपल को सौंप दिया गया है, जो प्राथमिक शिक्षकों के हितों के प्रतिकूल है। उनका कहना था कि इस अधिसूचना के बाद प्राथमिक शिक्षकों से पदोन्नत होने वाले मुख्य शिक्षक, केंद्रीय मुख्य शिक्षक और खंड प्रारंभिक शिक्षा अधिकारी की प्रशासनिक शक्तियां और कार्यक्षेत्र सीमित हो जाएंगे। साथ ही प्राथमिक शिक्षकों को दो-दो प्रशासनिक इकाइयों के अधीन किया जा रहा है, जिससे भविष्य में प्राथमिक शिक्षा व्यवस्था को नुकसान हो सकता है।
इस अवसर पर संघ के प्रदेश सह सचिव दीप वर्मा, पूर्व प्रदेशाध्यक्ष हेमराज ठाकुर, जिला महासचिव अतुल लखनपाल, द्रंग शिक्षा खंड-एक के अध्यक्ष बलवीर ठाकुर तथा चौंतड़ा-एक के प्रधान कपिल राव सहित सभी खंडों के अध्यक्ष उपस्थित रहे।