सरकाघाट (मंडी)। राज्य स्तरीय स्वतंत्रता दिवस समारोह (79वां) का आयोजन सरकाघाट में किया जाएगा। मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू समारोह की अध्यक्षता करेंगे। कार्यक्रम 15 अगस्त को पूर्वाह्न 11 बजे सरकाघाट बाल स्कूल के परिसर में होगा। समारोह की तैयारियों के लिए सोमवार को सरकाघाट में उपायुक्त मंडी अपूर्व देवगन ने आयोजन स्थल का दौरा किया। इस दौरान सरकाघाट से कांग्रेस के पूर्व प्रत्याशी पवन ठाकुर उपस्थित रहे।
एसडीएम कार्यालय में उपायुक्त की अध्यक्षता में बैठक भी हुई। उन्होंने बताया कि समारोह को सफलतापूर्वक आयोजित करने के लिए प्रशासनिक स्तर पर व्यापक तैयारियां आरंभ कर दी गई हैं। उन्होंने राजस्व, पुलिस, लोक निर्माण, जल शक्ति, नगर परिषद, सूचना एवं जनसंपर्क, भाषा एवं संस्कृति सहित संबंधित विभागों के अधिकारियों को आवश्यक निर्देश जारी किए।
उन्होंने बताया कि कार्यक्रम के दौरान पुलिस, होमगार्ड, एनसीसी, एनएसएस, स्काउट्स एवं गाइड्स, पूर्व सैनिकों तथा बैंड दलों की ओर से भव्य मार्चपास्ट निकाला जाएगा। सांस्कृतिक दलों की ओर से देश भक्ति से ओत-प्रोत सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी दी जाएंगी। उपायुक्त ने अधिकारियों को पूर्व योजना के तहत सभी व्यवस्थाओं को समय पर पूर्ण करने के निर्देश दिए। इस दौरान विभिन्न विभागों की ओर से भव्य प्रदर्शनी लगाई जाएगी। इस दौरान एएसपी सचिन हिरेमठ, एडीसी गुरसिमर सिंह, एसडीएम सरकाघाट स्वाति डोगरा, एसडीएम धर्मपुर जोगिंद्र पटियाल, डीएसपी सरकाघाट संजीव गौतम आदि मौजूद रहे। संवाद