मंडी। गणेश चतुर्थी के अवसर पर मंडी जिलेभर में जगह-जगह गणपति पंडाल सजाए जाएंगे। इसके लिए संस्थाओं ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। पंडाल और मंच सज्जा सहित पूजा सामग्री, रोशनी और साउंड सिस्टम का भी इंतजाम कर दिया गया है।
सात दिन तक चलने वाले इस आयोजन में जगह-जगह भजन संध्याएं होंगी। जोगिंद्रनगर, लडभड़ोल, धर्मपुर, सरकाघाट, सुंदरनगर के धनोटू चौक, बीबीएमबी कॉलोनी, गोपाल मंदिर, महादेव मंदिर, नेरचौक, पधर, करसोग में भी गणपति पंडाल सजाने के लिए तैयारियां शुरू हो गई हैं। 27 अगस्त से शुरू होने वाली गणेश चतुर्थी पर्व पर मंडी शहर में भी मंदिरों और पंडालों में गणेश प्रतिमाओं की विधिवत रूप से स्थापना की जाएगी।
अस्पताल मार्ग पर स्थित ऐतिहासिक गणपति मंदिर, जेल रोड, टारना, सराफा कारोबारियों की ओर से चौहटा बाजार और मोती बाजार, विश्व कर्मा मंदिर के समीप रामनगर का राजा पंडाल, बंगलेश्वरी माता मंदिर, ब्रजेश्वरी मंदिर सुहड़ा, लवकुश सभा और वाल्मीकि सभा की ओर से पंडाल सजाए जाएंगे। वाल्मीकि सभा के प्रधान रोशन लाल ने बताया कि स्थानीय जनता के सहयोग से गणपति का पंडाल सजाया जाता है। मोती बाजार पंडाल के आयोजक विनायक कहते हैं कि वह अपने घर के पास गणपति पंडाल सजाते हैं। संवाद