समौड़ पंचायत में प्रताप सकलानी लगातार चौथी बार बने प्रधान
परिवार में पांचवीं बार पहुंची प्रधान की कुर्सी
संवाद न्यूज एजेंसी
धर्मपुर (मंडी)। धर्मपुर विकास खंड की समौड़ पंचायत में एक बार फिर प्रताप सकलानी ने शानदार जीत दर्ज करते हुए लगातार चौथी बार प्रधान पद पर कब्जा जमाया है। उनकी इस ऐतिहासिक जीत के बाद पंचायत क्षेत्र में समर्थकों और ग्रामीणों में खुशी का माहौल देखा गया। खास बात यह रही कि इससे पहले उनकी पत्नी भी समौड़ पंचायत की प्रधान रह चुकी हैं। इस तरह सकलानी परिवार के नाम पंचायत प्रधान पद की यह पांचवीं जीत दर्ज हुई है।
चुनाव परिणाम घोषित होते ही समौड़ पंचायत के विभिन्न गांवों में समर्थकों ने खुशी जाहिर की और प्रताप सकलानी को जीत की बधाई दी। ग्रामीणों का कहना है कि पिछले कार्यकाल में पंचायत में विकास कार्यों को प्राथमिकता दी गई, जिसके चलते जनता ने फिर उन पर भरोसा जताया है। उन्होंने कहा कि समौड़ पंचायत के विकास, सड़क, पेयजल, स्वच्छता, युवाओं और महिलाओं से जुड़े कार्यों को आगे भी प्राथमिकता दी जाएगी। उन्होंने कहा कि पंचायत में अधूरे पड़े विकास कार्यों को तेजी से पूरा किया जाएगा तथा ग्रामीणों की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान किया जाएगा।